
PNS Bureau:- 22 नवंबर: FIDE विश्व कप 2025 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले लगातार दूसरे दिन भी ड्रॉ रहने के बाद अब टाई-ब्रेक में जाएंगे। शनिवार को हुए मुकाबलों में जीएम नोदिरबेक याकुबोएव और जीएम जवोखिर सिंदारोव के बीच एक बार फिर निष्प्राण ड्रा हुआ, वहीं जीएम आंद्रे एसिपेंको चीनी ग्रैंडमास्टर वेई यी की मजबूत रक्षा भेदने में नाकाम रहे।
पहले गेम की तरह इस मुकाबले में भी वेई यी को समय की कमी का सामना करना पड़ा, इस बार काले मोहरों के साथ खेलते हुए। हालांकि दबाव की स्थिति में शांत स्वभाव के लिए जाने जाने वाले वेई ने सटीक चालों के सहारे समय नियंत्रण (टाइम कंट्रोल) तक पहुंचते हुए स्थिति संभाल ली।
परिणाम की संभावना बेहद कम होने के कारण एसिपेंको ने जल्द ही ड्रॉ का प्रस्ताव दिया। हालांकि वेई ने तुरंत प्रस्ताव नहीं स्वीकारा और अपनी रानी (क्वीन) के सहारे कुछ बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति स्पष्ट होने के बाद 37 चालों में मुकाबला ड्रॉ घोषित किया गया।
दूसरे सेमीफाइनल में भी नोदिरबेक और सिंदारोव के बीच दूसरा गेम पहले की तरह ही शांतिपूर्ण रहा। दोनों खिलाड़ियों ने मजबूती और सावधानी से खेला और अनिवार्य 30 चालें पूरी करने के बाद सहमति से ड्रॉ किया।
परिणाम:
- जीएम आंद्रे एसिपेंको (FIDE) ने जीएम वेई यी (चीन) से ड्रॉ खेला (कुल स्कोर 1:1)
- जीएम जवोखिर सिंदारोव (उजबेकिस्तान) ने जीएम नोदिरबेक याकुबोएव (उजबेकिस्तान) से ड्रॉ खेला (कुल स्कोर 1:1)(PNS)




