आईएसएल डेब्यू टीम के खिलाफ तीन अंक हासिल कर अंकतालिका में ऊपर चढ़ना लक्ष्य
चेन्नई, 6 अप्रैल 2026: लगातार तीन मैचों से अजेय चल रही चेन्नईयिन एफसी अब अपने इस शानदार फॉर्म को जीत में बदलने के इरादे से मंगलवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आईएसएल की नई टीम इंटर काशी के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
यह मुकाबला दोनों टीमों के बीच पहला आधिकारिक मैच होगा। इंटर काशी ने पिछले सीजन आई-लीग का खिताब जीतकर पहली बार इंडियन सुपर लीग (ISL) में जगह बनाई है। वहीं चेन्नईयिन एफसी हाल ही में एफसी गोवा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के बावजूद 88वें मिनट में गोल खाकर ड्रॉ पर संतोष करना पड़ा था।

टीम के मुख्य कोच क्लिफर्ड मिरांडा ने हालिया प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि टीम ने गोवा के खिलाफ गेंद पर अच्छा नियंत्रण रखा और कई रचनात्मक मौके बनाए। उन्होंने कहा कि दूसरे हाफ में टीम बदकिस्मत रही कि गोल नहीं कर सकी, लेकिन खिलाड़ियों ने उच्च दबाव बनाकर बेहतरीन खेल दिखाया।
इंटर काशी के खिलाफ मुकाबले को लेकर मिरांडा ने कहा कि आईएसएल में हर मैच चुनौतीपूर्ण होता है और सभी टीमें बेहद प्रतिस्पर्धी हैं। उन्होंने इंटर काशी के कोच एंटोनियो लोपेज हाबास का उल्लेख करते हुए कहा कि वह उनके साथ पहले काम कर चुके हैं और उनकी रणनीति को अच्छी तरह जानते हैं।
मिरांडा ने कहा, “हाबास अपनी टीम को आक्रामक और सीधे खेल के लिए तैयार करते हैं। हालांकि, इस बार उनसे और भी कड़ी चुनौती की उम्मीद है, क्योंकि उनकी टीम शुरुआती मैचों में कुछ अंक गंवा चुकी है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद मिडफील्डर महेशन सिंह ने टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों से मिले समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रीतम कोटल और अल्बर्टो नोगुएरा ने उन्हें मैदान के अंदर और बाहर काफी मदद की है और वह टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मिरांडा ने महेशन की तारीफ करते हुए उन्हें मौजूदा समय का सर्वश्रेष्ठ भारतीय नंबर-10 बताया और कहा कि वह लगातार बेहतर होते जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महेशन को अपने खेल में और सुधार के साथ गोल करने पर ध्यान देना होगा।
टीम समाचार के अनुसार, चेन्नईयिन एफसी लगभग पूरी टीम के साथ मैदान में उतरेगी, हालांकि डेनियल चिमा चुक्वू चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर रहेंगे।
चेन्नईयिन एफसी इस मुकाबले में जीत हासिल कर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेगी, जबकि इंटर काशी भी अपने पहले सीजन में मजबूत प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।(PNS)




