
राज्य के करोड़ों लाभार्थियों को मिलेगा प्रति व्यक्ति 5 किलो अतिरिक्त मुफ्त चावल
भुवनेश्वर, 6 अप्रैल 2026: राज्य में खाद्य सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक नई योजना ‘मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना (MAPY)’ को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय राज्य कैबिनेट द्वारा लिया गया, जिसकी जानकारी माननीय मुख्यमंत्री ने दी।
इस योजना के तहत ‘राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA)’ तथा ‘राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (SFSS)’ के अंतर्गत आने वाले सभी लाभार्थियों को उनके नियमित मासिक चावल कोटे के अतिरिक्त प्रति व्यक्ति 5 किलोग्राम चावल मुफ्त प्रदान किया जाएगा।
राज्य में वर्तमान में NFSA के तहत 97 लाख 97 हजार 572 परिवारों के 3 करोड़ 22 लाख 89 हजार 692 सदस्य लाभान्वित हो रहे हैं, जबकि SFSS के अंतर्गत 2 लाख 98 हजार 725 परिवारों के 5 लाख 62 हजार 737 सदस्य शामिल हैं। इस प्रकार दोनों योजनाओं के तहत कुल 1 करोड़ 96 हजार 297 परिवारों के 3 करोड़ 28 लाख 52 हजार 429 सदस्य इस नई योजना का लाभ प्राप्त करेंगे।
इस योजना के कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रतिमाह औसतन 1.64 लाख मीट्रिक टन तथा वार्षिक रूप से लगभग 19.71 लाख मीट्रिक टन चावल का वितरण किया जाएगा।
वित्तीय प्रावधान के तहत इस योजना पर प्रतिमाह लगभग 734 करोड़ रुपये तथा वार्षिक रूप से 8,813 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसे कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से राज्य में खाद्य सुरक्षा प्रणाली और अधिक मजबूत होगी तथा गरीब और जरूरतमंद वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।(PNS)




