लष्करी सेना झंडा दिवस पर मुख्यमंत्री ने जताया सम्मान
बिहार स्टेट एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर फंड में योगदान का आह्वान

PNS Bureau, 07 दिसंबर 2025:
लष्करी सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर अरविंद कुमार ने आज मुख्यमंत्री श्री नितीश कुमार से एक अणे मार्ग में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें झंडा दिवस का फ्लैग लगाया और इस मौके पर देश के वीर सैनिकों के प्रति श्रद्धा व सम्मान प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिक हमारी राष्ट्रीय शक्ति के आधार स्तम्भ हैं। वे अपने कर्तव्यों का पालन कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ करते हैं। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील की कि वे बिहार स्टेट एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर फंड में उदारतापूर्वक योगदान दें, जिससे वीर सैनिकों के कल्याण और पुनर्वास के कार्यों को और मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि ‘‘आपका यह योगदान हमारे वीर सैनिकों के प्रति सच्ची कृतज्ञता का प्रतीक होगा।’’
कार्यक्रम के दौरान जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अरुण कुमार सिंह, गृह विभाग के सचिव श्री प्रमोद कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर अरविंद कुमार, कर्नल सतीश कुमार पाठक, कर्नल मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। (PNS)




